इदरीश मोहम्मद, पन्ना। एकतरफा प्यार, सनकीपन और गुस्सा इंसान को किस हद तक अंधा बना सकता है, इसकी एक रूह कंपा देने वाली वारदात मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से सामने आई है। जहां बातचीत बंद होने से नाराज एक नाबालिग लड़के ने सारी हदें पार करते हुए एक मासूम किशोरी को मौत के घाट उतारने की कोशिश की। यह पूरा मामला सिमरिया थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक, घायल किशोरी और आरोपी लड़के के बीच पहले जान-पहचान थी। जब किशोरी ने आरोपी से दूरी बनाई और बातचीत बंद कर दी, तो आरोपी ने बदले की खौफनाक साजिश रच डाली। बीती 6 जून की सुबह करीब 4 बजे, जब किशोरी अपने घर की छत पर बेफिक्र सो रही थी, तब आरोपी दबे पांव वहां पहुंचा और सोती हुई लड़की के सिर में पीछे से अवैध कट्टे से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में किशोरी को जिला अस्पताल दमोह में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।
ये भी पढ़ें: बिना ड्राइवर ‘काल’ बनकर दौड़ा ट्राला: दूसरे ट्राले को मारी जोरदार टक्कर, पन्ना-अमानगंज मार्ग ब्लॉक
घटना की गंभीरता को देखते हुए पन्ना पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक स्पेशल टीम गठित की गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को दमोह के उदयपुर गांव से घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी नाबालिग है, जिसने परिजनों की मौजूदगी में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कट्टा और कारतूस भी बरामद कर लिया है।

