इदरीश मोहम्मद, पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक ट्राला बिना ड्राइवर के काल बनकर दौड़ा। इतना ही नहीं सामने से आ रहे दूसरे ट्राले को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मार्ग पूरी तरह से ब्लॉक हो गया। चिलचिलाती धूप में लंबा जाम लगने से लोग बेहाल है। फिलहाल प्रशासन यातायात बहाल करने में जुटा हुआ है।
पन्ना-अमानगंज मार्ग पर रविवार को एक ऐसा अजीबोगरीब और दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। अकोला के पास यादव ढाबा पर एक ट्राला चालक अपने वाहन को खड़ा कर खाना खाने गया था। तभी अचानक वह भारी-भरकम ट्राला बिना ड्राइवर के ही ढलान पर चल पड़ा।
ये भी पढ़ें: NH-43 पर खून से लाल हुई सड़क: दर्शन कर लौट रहे परिवार को ट्रेलर ने रौंदा, महिला की मौत, बेटी-दामाद और मासूम घायल
रफ्तार पकड़ते हुए इस ‘मानवरहित’ ट्राले ने सामने से आ रहे दूसरे ट्राले को जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों की मानें तो टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। गनीमत यह रही कि इस भयानक भिड़ंत में किसी की जान नहीं गई, लेकिन लापरवाही या तकनीकी खराबी के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते बचा।
ये भी पढ़ें: कटनी में अघोषित बिजली कटौती: 5 घंटे तक बत्ती रही गुल, ग्रामीणों बोले- मेंटेनेंस की सूचना कहीं और
इस भीषण एक्सीडेंट की वजह से पन्ना-अमानगंज मुख्य मार्ग पूरी तरह ब्लॉक हो गया है। जून की इस तपती धूप और चिलचिलाती गर्मी में पिछले एक घंटे से सड़क के दोनों ओर यात्री बसों और वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं, जिससे बच्चे और बुजुर्ग बेहाल हैं। फिलहाल, प्रशासन क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रालों को हटाने और यातायात बहाल करने की कोशिशों में जुटा है।

