अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 पर तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते एक परिवार हादसे का शिकार हो गया। बटुरा स्थित मौहारी दाई मंदिर के पास रविवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बेटी, दामाद और एक साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: Bargi Dam Accident: क्रूज हादसे के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि फिर निगल ली एक और जिंदगी, उठ रहे बड़े सवाल!
केशवाही मरखी माता के दर्शन कर लौट रहा था परिवार
कोदवार कला निवासी रेखा यादव अपनी बेटी आंचल, दामाद नीरज यादव और एक साल की बच्ची के साथ केशवाही मरखी माता के दर्शन कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान मौहारी दाई मंदिर के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार कुछ दूर तक ट्रेलर के साथ घिसटते चले गए।
हादसे में महिला की हुई मौत
हादसे में रेखा यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बेटी आंचल, दामाद नीरज यादव और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। हैरान करने वाली बात यह रही कि महिला का शव बीच सड़क पर पड़ा रहा और उसके बगल से तेज रफ्तार भारी वाहन गुजरते रहे। जिसने सुरक्षा व्यवस्था के साथ लोगों की मार्मिकता पर भी सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।
ये भी पढ़ें: BJP Leader Shot Dead: घर के बाहर विवाद देख लाइसेंसी बंदूक लेकर निकलीं बीजेपी नेत्री, गैलरी में खून से लथपथ मिली लाश
ट्रेलर चालक मौके से फरार
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही अमलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

