प्रदीप मालवीय, उज्जैन। “सिंहस्थ 2028” को लेकर सड़क मार्ग चौड़ीकरण के तहत बीच में आने वाली शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्यवाही सोमवार को शुरू हुई थी, जो शाम 7 बजे तक लगातार जारी रही। इस दौरान 10 घंटे के भीतर कई घटनाक्रम सामने आए। देर रात को मुस्लिम धर्म गुरु व मस्जिद कमेटी के सदस्यों से पुलिस प्रशासन ने चर्चा की व यह तय हुआ कि आपसी सहमति से मस्जिद कमेटी के लोग मस्जिद का हिस्सा हटाएंगे।

सोमवार की सुबह मस्जिद का हिस्सा हटाने का कार्य शुरू हुआ। इस दौरान कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी पोस्ट की और यह बताया कि मस्जिद पर बुलडोजर चल रहा है। पूरी मस्जिद को हटाया जा रहा है। जिससे लोग भड़क गए और कुछ उपद्रवियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की व पथराव किया। पथराव की घटना करीब 3 से 4 बार हुई। इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े व लाठी चार्ज किया, बल प्रयोग कर मामला शांत कराया।

ये भी पढ़ें: शाही मस्जिद पर फिर चलेगा काम, स्वेच्छा से हटाया जा रहा प्रभावित हिस्सा; मस्जिद कमेटी के सदस्य ने कही ये बड़ी बात

शहर काजी के घर पर भी पथराव

वहीं दूसरी ओर भ्रामक जानकारियों को लेकर शहर काजी ने वीडियो जारी किया और स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन हमारी सहमति से काम कर रहे हैं। कोई भी अफवाह ना फैलाएं। शहर काजी के इस बयान के बाद कुछ उपद्रवी लोग उनके घर पहुंचे और नारेबाजी की व पथराव शुरू कर दिया। तत्काल भारी संख्या में पुलिस बल ने शहर काजी का घर पूरी तरह सुरक्षा में लिया व उपद्रवियों पर जमकर लाठी बरसाई। दोपहर बाद से क्षेत्र में लगातार शांति का माहौल बना रहा।

एसपी ने कही ये बात

पूरे घटनाक्रम को लेकर एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा कि शाही मस्जिद कमेटी के सदस्यों की ओर से आपसी सहमति से मस्जिद का हिस्सा सुबह 8:45 से शाम 7:00 बजे तक तोड़ा गया है। यह कार्रवाई लगातार जारी है। कुछ असंतुष्ट लोगों ने विरोध किया था परंतु भारी पुलिस बल तैनात होने से पूरी स्थिति को नियंत्रण में किया गया। करीब ढाई हजार पुलिस कर्मी व आधिकारिक तैनात हैं।

ये भी पढ़ें: उज्जैन की शाही मस्जिद पर सड़क चौड़ीकरण का मामला: हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद डिस्पोज हुई याचिका, मुस्लिम पक्ष के एफिडेविट में 500 साल पुरानी मस्जिद से लेकर वैकल्पिक रास्ते तक का पूरा दावा

8 पर FIR, सोशल मीडिया अकाउंट की भूमिका भी

उन्होंने बताया कि इस मामले में कुल 8 FIR दर्ज की गई है। जिसमें से एक FIR शहर काजी की ओर से दर्ज करवाई गई है। काजी साहब के घर पर नारेबाजी व उपद्रव किया गया था, इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है, जिसमें से 3 नामजद है व बाकी अन्य है। माहौल खराब करने में कुछ सोशल मीडिया अकाउंट की भी भूमिका सामने आई है। ऐसे पांच सोशल मीडिया एकाउंट के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। 100 से अधिक कंटेंट डिलीट करवाए गए है। सभी FIR में अभी तक 20 नामजद आरोपी है। जिसमें से 15 आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए है।

अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी

कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य मास्टर प्लान के तहत हो रहा है। मस्जिद का हिस्सा कमेटी के लोग खुद ही हटाने का काम कर रहे है। सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया की भ्रामक जानकारी को सत्य ना माने और ना ही अन्य जगह फैलाएं। हाईकोर्ट की ओर से शाही मस्जिद की एक याचिका को खारिज करते हुए नगर निगम के पक्ष में फैसला दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m