संदीप शर्मा, विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले की त्योंदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम रायखेड़ी में हुई करीब 1 करोड़ रुपए की सनसनीखेज डकैती मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब साढ़े 5 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया है, जिसमें सोना, नगदी राशि, देशी कट्टा और मोटरसाइकिल शामिल है।
दरअसल, 23 और 24 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि में ग्राम रायखेड़ी निवासी बृजबिहारी कुर्मी के घर बदमाशों ने धावा बोल दिया था। बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लूट ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए त्योंदा थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
ये भी पढ़ें: Special Story: हैंगिंग या सुनियोजित हत्या ? ‘इंस्टाग्राम क्वीन’ पलक की मौत का क्या है राज, प्रोफाइल से मिले रील्स किस ओर कर रहे इशारा
इस मामले में पुलिस ने आरोपी अमन पटेल को ग्राम बहादुरपुर से धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी से 30 ग्राम सोना, 50 हजार रुपए नगद, एक देशी कट्टा और राइडर मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने बताया कि रायखेड़ी गांव में डकैती की घटना हुई थी। मामले में छह आरोपी थे। मुंह पर कपड़ा बांधकर घर के लोगों को बंधक बनाया और बेश कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। राहतगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को तुरंत पकड़ लिया था।
ये भी पढ़ें: एक चिंगारी और सब कुछ उजड़ गया: घर जलकर खाक, दो लोग बुरी तरह झुलसे, पलभर में जिंदगी भर की कमाई खत्म
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत ने आगे बताया कि, इसके बाद विदिशा पुलिस ने सभी आरोपियों को अलग अलग जगहों से गिरफ्तार किया था। एक आरोपी फरार था, जिसे अब गिरफ्तार किया गया है। इससे भी साढ़े पांच लाख का माल बरामद हुआ। अब तक पूरी घटना में 42 तोला सोना, जिसकी कीमत 80 से 90 लाख रुपये और तीन चार किलो चांदी, साढ़े चार लाख रुपये नगदी और मोटरसाइकिल, कुल एक करोड़ से ऊपर का सामान बरामद हो चुका है। मामले में सभी छह आरोपियों को पकड़ा जा चुका है, जिसमें एक नाबालिग है। विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध है।


