शिखिल ब्यौहार, भोपाल। MP Weather Alert: मध्य प्रदेश में लगातार पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी से लोगों को मुसीबत बढ़ती ही जा रही है। राजस्थान से आ रही गर्म हवा ने प्रदेश में तपिश और बढ़ा दी है। धूप का कहर इस कदर है कि नर्मदापुरम में स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई हैं।
नर्मदापुरम सबसे गर्म
मौसम विभाग ने भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, नर्मदापुरम और सागर संभाग में लू का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को कई शहरों का तापमान 40 डिग्री से पार रहा। नर्मदापुरम में सबसे ज्यादा 43.8 डिग्री तापमान रहा। खजुराहो में 43.4 और नौगांव में 43 डिग्री पारा दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 27 अप्रैल को हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का अनुमान है कि अप्रैल के आखिरी दिनों में राहत मिल सकती है। 27 अप्रैल को ग्वालियर चंबल सहित कुछ जिलों में बारिश होने की आशंका है। श्योपुर, मुरैना, भिंड, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है।
रात के तापमान में बढ़ोतरी
प्रदेश में अब रात का तापमान भी ज्यादा है। भोपाल समेत कई शहरों में रात में 25 से 27 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, वॉर्म नाइट मौसम की एक ऐसी स्थिति है, जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा होता है।

