MP Weather Update: संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को श्योपुर, रतलाम, मंदसौर, आलीराजपुर और पन्ना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में इन जिलों में करीब 4 इंच तक बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
24 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 325.1 मिमी (12.8 इंच) बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से करीब 10 प्रतिशत कम है। हालांकि राहत की बात यह है कि 20 जुलाई तक 17 प्रतिशत रहा बारिश का घाटा अब घटकर 10 प्रतिशत रह गया है। पूर्वी मध्यप्रदेश में 13 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 6 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें: MP Morning News: पन्ना दौरे पर सीएम डॉ मोहन, दतिया उपचुनाव से स्टार प्रचारकों की दूरी, मेट्रो ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी
यहां बारिश का अनुमान
भारी बारिश वाले पांच जिलों के अलावा 50 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। भोपाल, रायसेन, सीहोर, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, सागर, दमोह, छतरपुर, बालाघाट, मंडला, शहडोल सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के अनुसार जुलाई के आखिरी सप्ताह में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी।
इन जिलों में कम बारिश
प्रदेश के 41 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है, जबकि 15 जिलों में वर्षा सामान्य या उससे अधिक दर्ज की गई है। रतलाम, मंदसौर, श्योपुर, रायसेन, विदिशा, ग्वालियर, रीवा और सागर जैसे जिले अभी भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सीहोर, देवास, हरदा, राजगढ़ और खंडवा में सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई है।
ये भी पढ़ें: श्रावण-भादौ से पहले महाकाल की सवारी मार्ग पर अफसरों का दौरा, कलेक्टर बोले- सवारी शुरू होने से पहले सभी काम होंगे पूरे
देवास सबसे आगे
सबसे ज्यादा बारिश देवास में करीब 18.5 इंच दर्ज की गई है। इसके बाद बालाघाट, सीहोर, सिवनी, भोपाल, हरदा, दमोह और डिंडौरी में अच्छी बारिश हुई है। दूसरी ओर आलीराजपुर में अब तक केवल ढाई इंच बारिश दर्ज हुई है, जो प्रदेश में सबसे कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, जुलाई के अंतिम सप्ताह में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इससे बारिश की कमी और कम होने की संभावना है। प्रदेश की सामान्य मानसूनी बारिश 37.3 इंच मानी जाती है और इसमें जुलाई का सबसे बड़ा योगदान 40 प्रतिशत रहता है, इसलिए अगले कुछ दिन पूरे मानसून सीजन के लिए अहम माने जा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


