भोपाल। Weather Update: मध्य प्रदेश में गर्मी की तपिश से पूरी तरह राहत नहीं मिली है। कुछ जगहों पर प्री मानसून की हल्की फुहारों ने माहौल खुशनुमा बना दिया है। लेकिन मानसून की देरी ने लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को इंदौर, जबलपुर, रीवा, ग्वालियर समेत 37 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, उज्जैन, सागर, नर्मदापुरम, विदिशा, रायसेन और आसपास के जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है।

जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में सामान्य से करीब 65 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभागों में आंकड़ा औसत से लगभग 30 प्रतिशत नीचे पहुंच गया है।

55 में से 45 जिले सामान्य से कम बारिश की श्रेणी में पहुंच गए हैं। अलीराजपुर ऐसा जिला है जहां अब तक बारिश का खाता भी नहीं खुला है, जबकि भोपाल में सबसे अधिक करीब 4 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 35 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, धार, भिंड, बैतूल, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, मंडला, अलीराजपुर, झाबुआ, शिवपुरी, बुरहानपुर, डिंडौरी, सिवनी, दतिया, अनूपपुर, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, उमरिया, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, मैहर और पांढुर्णा शामिल हैं। इन जिलों में 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m