MP Weather Update: मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटे के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के 28 जिलों में हैवी रेन का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर चंबल संभाग के जिलों में जमकर पानी गिरने की संभावना है।

मध्यप्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी है। मंदाकिनी और नर्मदा नदी उफान पर है। सतना, छतरपुर, मैहर और मंडला में बाढ़ जैसे हालात है। छतरपुर के कुटनी और जबलपुर के बरगी बांध के गेट खोले गए है। राजधानी भोपाल में देर रात बारिश हुई, जिसके चलते ठंडक बढ़ गई है। प्रदेश में अब तक 29.2 इंच पानी गिर चुका है। बारिश का कोटा 78 फीसदी तक पहुंच गया है।

ये भी पढ़ें: MP Morning News: प्रदेश में मनेगा श्रीकृष्ण पर्व, परशुराम-कृष्णा लोक का भूमिपूजन, सीहोर को सौगात देंगे CM, उज्जैन में रात 12 बजे आरती, राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले नरोत्तम मिश्रा

आज यहां बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, 4 और 5 सितंबर को सिस्टम की सक्रियता ज्यादा बढ़ेगी। 6 और 7 सितंबर को भी ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बारिश होने का अनुमान है। आज शुक्रवार को राजगढ़, शिवपुरी, सागर, गुना, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, नर्मदापुरम में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, विदिशा, श्योपुर, सतना, भिंड, दतिया, पन्ना, रीवा, अशोकनगर, छिंदवाड़ा, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, बैतूल, देवास, आगर मालवा और मंदसौर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

बरगी डैम के दोबारा खोले गए 5 गेट

जबलपुर में बरगी डैम के गेट दोबारा खोले गए है। पांच गेट को 1.50 मीटर तक खोला गया है। 5 गेट से 1130 क्यूमेक पानी की निकासी जा रही है। नर्मदा के घाटों पर करीब 5 फीट तक जलभराव होगा। प्रशासन ने घाटों पर अलर्ट जारी किया है। जबलपुर समेत बरगी डैम के केचमेंट एरिया में लगातार बारिश हो रही है। जिससे नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ रहा था। बरगी बांध का जलस्तर 422.35 मीटर और जल भराव 97.18 प्रतिशत है। बरगी डैम में वर्तमान जल आवक 4215 क्यूमेक पानी है।

टीकमगढ़ में बानसुजारा बांध के 6 गेट खोले गए

टीकमगढ़ जिले में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। जिसके चलते बानसुजारा बांध में लगातार पानी की आवक बढ़ने से बांध के 6 गेट खोले गए है। जिससे बांध के नीचे धसान नदी के निचले हिस्से में जलस्तर 7 से 9 फीट तक बढ़ गया है। वहीं बांध प्रबंधन ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m