संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से ठीक पहले एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में तेज बारिश का एक नया और मजबूत सिस्टम एक्टिव होने की जानकारी दी है। बंगाल की खाड़ी में बना यह सिस्टम अगले 24 घंटों में और अधिक मजबूत हो सकता है, जिसके असर से 25 और 26 सितंबर को पूरे प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
आज इन 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के छतरपुर, पन्ना, सतना, उमरिया समेत 10 प्रमुख जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर समेत कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
25 और 26 सितंबर को पूरे प्रदेश में दिखेगा असर
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 25 और 26 सितंबर को इस मानसूनी सिस्टम का सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलेगी।
सीजन के कोटे की 91.9% बारिश हो चुकी है पूरी
मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक औसतन 34.3 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि कुल सीजनल कोटे की 91.9% है। नए सिस्टम के सक्रिय होने से उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के कई जिले अपने बारिश के सामान्य कोटे को पूरा कर लेंगे या उससे आगे निकल जाएंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


