हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 को लेकर बड़ी घोषणा कर दी है। लंबे इंतजार के बाद आयोग ने मुख्य परीक्षा की तारीखों का ऐलान करते हुए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की अधिसूचना जारी कर दी है।
आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक किए जा सकेंगे। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 10 अगस्त 2026 को जारी होंगे, जबकि मुख्य परीक्षा 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी।
ये भी पढ़ें: MPPSC मेंस परीक्षा 2025 का शेड्यूल जारी: 17 अगस्त से होगी मुख्य परीक्षा, 12 शहरों में होंगे एग्जाम सेंटर
हाईकोर्ट की अनुमति के बाद आगे बढ़ी प्रक्रिया
MPPSC ने बताया कि राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का परिणाम 5 मार्च 2025 को घोषित किया गया था। इसके बाद मामले से जुड़े एक प्रकरण पर उच्च न्यायालय में सुनवाई चल रही थी। 18 जून 2026 को न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद मुख्य परीक्षा आयोजित करने का रास्ता साफ हुआ।
इन शहरों में होगी परीक्षा
मुख्य परीक्षा प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, रतलाम, सतना, सागर, शहडोल, बड़वानी, उज्जैन और बालाघाट शामिल हैं।
ऐसा रहेगा परीक्षा कार्यक्रम
17 अगस्त 2026 – सामान्य अध्ययन प्रथम प्रश्नपत्र
18 अगस्त 2026 – सामान्य अध्ययन द्वितीय प्रश्नपत्र
19 अगस्त 2026 – सामान्य अध्ययन तृतीय प्रश्नपत्र
20 अगस्त 2026 – सामान्य अध्ययन चतुर्थ प्रश्नपत्र
21 अगस्त 2026 – सामान्य हिंदी एवं व्याकरण
22 अगस्त 2026 – हिंदी निबंध एवं प्रारूप लेखन
आवेदन शुल्क
मध्य प्रदेश के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन क्रीमी लेयर), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 400 रुपये निर्धारित किया गया है। अन्य सभी श्रेणियों तथा प्रदेश के बाहर के अभ्यर्थियों को 800 रुपये शुल्क देना होगा। इसके अतिरिक्त 40 रुपये पोर्टल शुल्क भी देय होगा।
ये भी पढ़ें: MPPSC Mains 2025: मध्य प्रदेश लोक सेवा की मुख्य परीक्षा का रास्ता साफ, हाईकोर्ट ने हटाया 3 महीने पुराना स्टे
देरी से आवेदन करने पर भारी शुल्क
आयोग ने स्पष्ट किया है कि 15 जुलाई तक आवेदन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को विलंब शुल्क के साथ आवेदन का अवसर मिलेगा। इसके लिए 3,000 रुपये और बाद के चरण में 25,000 रुपये तक का विलंब शुल्क निर्धारित किया गया है।
हिंदी में देना होगा उत्तर
आयोग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए कहा है कि “हिंदी निबंध एवं प्रारूप लेखन” प्रश्नपत्र का उत्तर सभी अभ्यर्थियों को हिंदी में ही देना होगा। वहीं सामान्य अध्ययन के प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में उपलब्ध रहेंगे।
खास बात
करीब डेढ़ साल से मुख्य परीक्षा का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है। अब उम्मीदवारों के पास आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और मुख्य परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए सीमित समय बचा है।

