सुशील खरे, रतलाम। एमपी के रतलाम जिले के पिपलोदा तहसील के ग्राम हथनारा में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जुलूस निकालते समय हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से करीब एक दर्जन लोग करंट से झुलस गए।

घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 3 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि बिजली सप्लाई चालू होने और बारिश के कारण ताजिये पर एंगल चद्दर लगाए गए थे। 

जानकारी के अनुसार ग्राम हथनारा में मोहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान जुलूस में शामिल ताजिया या उससे जुड़ा हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे करंट फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। 

हादसे में करीब एक दर्जन लोग झुलस गए। स्थानीय और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन के करीब घायल हो गए जिनका इलाज जारी है।

एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि करंट लगने से झुलसे घायलों का रतलाम मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m