अहमदाबाद: देश की पहली मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) परियोजना ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने अहमदाबाद में साबरमती नदी पर बन रहे 480 मीटर लंबे पुल का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन के बीच स्थित यह पुल 36 मीटर (लगभग 118 फीट) ऊंचा है, जिसकी ऊंचाई 12 मंजिला इमारत के बराबर है।

इंजीनियरिंग की अनोखी मिसाल है साबरमती ब्रिज

मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे फ्लाईओवर, रेलवे लाइन और मेट्रो कॉरिडोर को पार करने के कारण इस पुल के पियर्स (खंभों) की ऊंचाई अधिक रखी गई है। इसमें कुल 8 सर्कुलर पियर्स हैं, जिनका व्यास 6 से 6.5 मीटर है। नदी के प्राकृतिक प्रवाह में कोई बाधा न आए, इसके लिए 4 पियर्स नदी के तल में, 2 किनारों पर और 2 बाहरी हिस्सों में बनाए गए हैं।

साबरमती नदी पुल की खास बात इसके लंबे स्पैन हैं। कॉरिडोर के अन्य पुलों के 40 मीटर स्पैन की तुलना में इसमें 50 से 76 मीटर तक के लंबे स्पैन का उपयोग किया गया है। इसका निर्माण बैलेंस्ड कैंटिलीवर मेथड से हुआ है, जिससे नदी के नीचे पारंपरिक स्कैफोल्डिंग लगाए बिना ही डेक तैयार किया गया।

25 में से 18 नदी पुलों का निर्माण पूरा

508 किलोमीटर लंबे इस हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में कुल 25 नदी पुल (21 गुजरात और 4 महाराष्ट्र में) शामिल हैं। साबरमती ब्रिज के साथ ही गुजरात के 21 में से 18 नदी पुलों का निर्माण पूरा हो चुका है।

गुजरात सेक्शन में बुलेट ट्रेन के ट्रायल की तैयारियां इसी साल के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, भारत की पहली बुलेट ट्रेन का परिचालन 15 अगस्त 2027 से सूरत और बिलिमोरा सेक्शन के बीच शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें