सूरत: गुजरात के सूरत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्यूटी के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। एयरपोर्ट के एप्रन एरिया में तैनात ग्राउंड स्टाफ कर्मचारी मनोज पवार अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने और कार्डियक अरेस्ट जैसे लक्षणों को देखते ही मौके पर मौजूद सीआईएसएफ (CISF) के जवान ने तत्परता दिखाई और सीपीआर (CPR) देकर उनकी जान बचा ली। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसकी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।
यह घटना 2 अक्टूबर की है, जब स्ट्रीमहाउस इंडिया लिमिटेड में डायरेक्टर ऑफ इंजीनियरिंग के पद पर कार्यरत मनोजभाई पवार एयरपोर्ट के स्टाफ गेट के पास ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक उनका ब्लड प्रेशर बेहद कम हो गया और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक कर्मचारी के गिरने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
इसी बीच पास में प्रोफाइलिंग ड्यूटी पर तैनात CISF के हेड कॉन्स्टेबल चौधरी संजय कुमार अंबालाल की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थिति की गंभीरता को समझा और तुरंत मनोज पवार को सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) देना शुरू कर दिया। उनके साथ मौजूद अन्य सीआईएसएफ कर्मियों ने भी स्थिति को संभालने में मदद की।
जवान की सूझबूझ और समय पर मिली प्राथमिक चिकित्सा के कारण मनोज पवार की सांसें वापस लौट आईं। इसके तुरंत बाद एयरपोर्ट की ‘सनशाइन मेडिकल टीम’ ने मौके पर पहुंचकर उन्हें आपातकालीन चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई और बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
होश में आने के बाद मनोज पवार ने सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को पत्र लिखकर जवानों और मेडिकल टीम का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वह डायलिसिस पर हैं और लो ब्लड प्रेशर के कारण अचानक बेहोश हो गए थे। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि इमरजेंसी के दौरान दी जाने वाली त्वरित प्राथमिक चिकित्सा और जवानों का नियमित प्रशिक्षण किसी की जिंदगी बचाने में कितना मददगार साबित हो सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

