मुंगेर। जिले के जमालपुर की रहने वाली 25 वर्षीय GNM छात्रा स्नेहा कुमारी की उसके प्रेमी नीरज कुमार ने पूर्णिया में गला दबाकर हत्या कर दी। स्नेहा भागलपुर में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी और अपने परिवार का सहारा बनना चाहती थी। 2022 में पिता के निधन के बाद उसकी मां, किरण देवी ने आर्थिक तंगी के बावजूद लोन लेकर उसे पढ़ाया, लेकिन प्रेमी के विश्वासघात ने सब खत्म कर दिया।
प्रेमी की दूसरी जगह तय हुई शादी
पुलिस जांच के अनुसार, स्नेहा और नीरज का प्रेम प्रसंग साल 2022 से चल रहा था। नीरज पूर्णिया के एक निजी संस्थान में ICU इंचार्ज था। विवाद तब शुरू हुआ जब स्नेहा को पता चला कि नीरज की शादी कहीं और तय हो गई है। इसी विरोध में वह 17 जनवरी को नीरज से मिलने पूर्णिया पहुंची। वहां किराए के कमरे में दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद आवेश में आकर नीरज ने स्नेहा की गला घोंटकर जान ले ली।
पत्नी बताकर किया अंतिम संस्कार
हत्या को छुपाने के लिए आरोपी ने क्रूरता की हदें पार कर दीं। 19 जनवरी को वह शव लेकर कफ्तानपारा श्मशान घाट पहुंचा। वहां उसने श्मशान कर्मियों से झूठ बोला कि स्नेहा उसकी पत्नी थी और उसकी अचानक मौत हो गई है। उसने 8,500 का ऑनलाइन भुगतान किया और खुद मौजूद रहकर शव का दाह-संस्कार करवा दिया, ताकि कोई सबूत न बचे।
SIT की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी
स्नेहा का फोन बंद होने पर परिजनों ने 21 जनवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई। एसपी सैयद इमरान मसूद के नेतृत्व में गठित SIT ने तकनीकी साक्ष्यों और CDR के जरिए नीरज को 7 फरवरी को दबोच लिया। रिमांड पर पूछताछ और क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान नीरज ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। श्मशान कर्मियों ने भी कोर्ट में उसकी पहचान की। बिलखती मां ने अब प्रशासन से अपनी बेटी के हत्यारे के लिए फांसी की मांग की है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


