बिहार पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर पर गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगे हैं। पटना पुलिस कार्यालय की पेंशन शाखा में प्रभारी के रूप में तैनात SI दिनेश कुमार पर मुंगेर में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी ने शादी का झांसा देकर 9 साल तक शारीरिक संबंध बनाने और मुकरने का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता ने मुंगेर महिला थाने में लिखित शिकायत दी है, जिसमें आरोपी के भाई को भी नामजद किया गया है।

​2015 के परिचय से शुरू हुआ मामला

पीड़िता के अनुसार, उसकी नियुक्ति साल 2015 में नवादा जिले में सिपाही के पद पर हुई थी। उस दौरान दिनेश कुमार बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष थे, जिसके चलते वह उन्हें जानती थीं। अक्टूबर 2017 से दिनेश ने फोन और व्हाट्सएप के जरिए लगातार संपर्क बढ़ाना शुरू किया। इसके बाद जनवरी 2018 में शादी का भरोसा देकर उन्होंने शारीरिक संबंध बनाए, जो आगे भी लगातार जारी रहे।

​गर्भवती होने पर गर्भपात की दवा और मारपीट

साल 2019 में जब महिला सिपाही गर्भवती हुई और उसने शादी का दबाव बनाया, तो दिनेश ने खुद को पहले से शादीशुदा बताया और तलाक के बाद शादी करने का झांसा दिया। विवाद के दौरान आरोपी ने उसे गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे उसकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पीड़िता का यह भी आरोप है कि दिनेश के मोबाइल में उसके कुछ निजी फोटो और वीडियो हैं, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। मानसिक तनाव के कारण पीड़िता साल 2019 से डिप्रेशन और अनिद्रा का शिकार है और उसका इलाज चल रहा है।

​गांधी मैदान के पास बदसलुकी और मारपीट

पीड़िता का आरोप है कि बीते 4 और 5 मार्च को वह पटना में गांधी मैदान गेट नंबर 5 के पास दिनेश से मिलने गई थी। वहां विवाद होने पर आरोपी ने उसका मोबाइल लेकर सारा डेटा फॉर्मेट कर दिया और विरोध करने पर मारपीट की। इसके बाद 29 अगस्त को जब वह एसएसपी कार्यालय में शिकायत करने गई, तो वहां मौजूद दिनेश ने बदसलुकी की। लौटते वक्त दिनेश और उसके भाई भूपेश कुमार ने गांधी मैदान के पास फिर से उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी उंगली में गंभीर जख्म हो गया है। मुंगेर महिला थानाध्यक्ष कीर्ति कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।