अजयारविंद नामदेव, शहडोल। आमतौर पर पुलिस जीवित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करती है, लेकिन शहडोल जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को चौंका दिया है। यहां एक ऐसी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है, जिसे कुछ दिन पहले ही उसकी तीन मासूम बेटियों के साथ दफनाया जा चुका है। सुनने में यह भले ही अटपटा लगे, लेकिन यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है।

मामला जिले के अंतिम छोर पर स्थित पपौंध थाना क्षेत्र के हिरवाह गांव का है। यहां रहने वाली 32 वर्षीय अनिता सिंह ने 30 मई को ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुलिस जांच के अनुसार अनिता ने पहले अपने घर-गृहस्थी का सामान बाहर निकालकर आग लगा दी। इसके बाद उसने स्वयं और अपनी तीनों बेटियों 7 वर्षीय अर्पिता, 4 वर्षीय रितिका और 2 वर्षीय कृष्णकुमारी को नए कपड़े पहनाए। 

यह भी पढ़ें: पहले मां और 3 बेटियों की खुदकुशी फिर चाचा-भतीजे की मौत, 1 दिन में 6 लाशें उठने से मचा हड़कंप

बताया जाता है कि इसके बाद उसने आटे में एल्यूमिनियम फॉस्फाइड जैसा जहरीला पदार्थ मिलाकर पहले बेटियों को खिलाया और फिर खुद भी उसका सेवन कर लिया। जहर का असर होते ही चारों की हालत बिगड़ गई। सबसे बड़ी बेटी अर्पिता ने कुछ देर तक जिंदगी से संघर्ष किया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के समय मृतका का पति गोकुल सिंह मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ था। सूचना मिलने पर जब वह गांव पहुंचा तो पत्नी और तीनों बेटियों के शवों को अपने घर के पास खुले मैदान में दफना दिया।

पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी, जांच और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि बेटियों की मौत स्वाभाविक नहीं बल्कि जहर देने से हुई। इसके बाद पपौंध पुलिस ने अनिता सिंह के खिलाफ अपनी तीनों बेटियों की हत्या का मामला दर्ज कर लिया। कानूनी जानकारों के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति द्वारा अपराध किए जाने के पर्याप्त साक्ष्य हों, तो उसके मृत्यु हो जाने के बाद भी उसके खिलाफ अपराध दर्ज किया जा सकता है, ताकि घटना का पूरा सच सामने आ सके और जांच विधिवत पूरी हो सके। 

​इसी तकनीकी और कानूनी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए पपौंध पुलिस ने कब्र में दफन हो चुकी आरोपी मां अनिता सिंह के खिलाफ अपनी ही तीन बेटियों की हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कागजी और वैधानिक कार्रवाई कर रही है।​यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां एक तरफ लोग मासूम बच्चियों की मौत पर आंसू बहा रहे हैं, वहीं कानून के इस कदम को देखकर हैरान भी हैं। इस पूरे मामले में थाना प्रभारी ब्रजेंद्र मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि बेटी के मरणासन्न बयान के आधार पर मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m