रायपुर। रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद भी बदमाशों में कानून का कोई खौफ कम नजर आ रहा है और वे बेझिझक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां सिमरन सिटी फेस-2 में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसमें एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अजय अग्रवाल (34 वर्ष), निवासी रावतपुरा फेज-2 के रूप में हुई है। यह घटना आज दोपहर करीब 2 बजे की है, जब टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा फेस-2 स्थित सांई मंदिर के पास आरोपी डोमेश्वर ने अजय अग्रवाल के पेट में चाकू से हमला कर दिया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी डोमेश्वर देवांगन (18 वर्ष), निवासी चांगोरभाठा ने मृतक का कंस्ट्रक्शन कार्य किया था और ₹50,000 के भुगतान को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। वारदात के दिन आरोपी पैसे लेने मृतक के घर पहुंचा था। रकम नहीं मिलने पर वह बाहर इंतजार करता रहा और जैसे ही अजय अग्रवाल घर से बाहर निकला, आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से उसके पेट पर हमला कर दिया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और महज 2 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

