झज्जर। बहादुरगढ़ शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां छोटूराम नगर में एक किराना दुकानदार की उधार के पैसे मांगना बहुत महंगा पड़ गया। एक पड़ोसी ने 9 हजार रुपये के मामूली विवाद में दुकानदार की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे दुकानदार के 13 साल के बेटे को भी हमलावर ने बुरी तरह घायल कर दिया।

क्या है पूरा मामला

मृतक की पहचान 40 वर्षीय अभिषेक सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के बक्सर के रहने वाले थे। वे यहाँ परिवार के साथ किराने की दुकान चलाते थे। पुलिस के मुताबिक, अभिषेक ने अपने पड़ोसी को करीब 9 हजार रुपये का राशन उधार दिया था। आरोपी लंबे समय से पैसे नहीं लौटा रहा था। रविवार को अभिषेक अपने बेटे अभिराज के साथ पड़ोसी के घर पैसे मांगने गए थे। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई।

बेटे को भी बनाया निशाना

विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसी ने अचानक चाकू निकाल लिया और अभिषेक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। जब उनके 13 वर्षीय बेटे अभिराज ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावर ने उसे भी चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल बेटे को बहादुरगढ़ के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस की तलाश जारी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि कातिल का पता लगाया जा सके। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और डर का माहौल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m