मुजफ्फरनगर. इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर कासगंज की 17 वर्षीय किशोरी को मुजफ्फरनगर बुलाने और बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. परिजनों ने मुजफ्फरनगर निवासी युवक और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. किशोरी के मुताबिक, उसे करीब तीन दिन तक एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया. इस दौरान उसका मोबाइल और अन्य सामान भी ले लिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें- प्रयागराज में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, गांधी प्रतिमा से कलेक्ट्रेट तक मार्च

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती

परिजनों के मुताबिक, किशोरी की करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए मुजफ्फरनगर निवासी रुद्र वर्मा से दोस्ती हुई थी. दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही. आरोप है कि रुद्र ने किशोरी को शादी का भरोसा देकर मुजफ्फरनगर बुलाया. परिजनों का कहना है कि किशोरी 23 सितंबर को घर से लापता हुई थी. वह पहले मेरठ पहुंची, जहां से रुद्र उसे अपने साथ मुजफ्फरनगर ले आया.

तीन दिन तक बंधक बनाने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि किशोरी को प्रेमपुरी क्षेत्र के एक मकान में करीब तीन दिन तक बंधक बनाकर रखा गया. वहां रुद्र के अलावा वीर और दानिश नाम के दो युवक भी मौजूद थे. किशोरी ने सामाजिक कार्यकर्ता शालू सैनी को बताया कि उसका मोबाइल छीन लिया गया था और सिम भी तोड़ दिया गया. आरोप है कि उसके सामान और आभूषण भी ले लिए गए. किशोरी ने यह भी आरोप लगाया कि मकान में उसके साथ दुष्कर्म किया गया.

ऋषिकेश ले जाते समय मचाया शोर

मामला 25 सितंबर की रात सामने आया. आरोप है कि किशोरी को जबरन ऋषिकेश ले जाने की कोशिश की जा रही थी. रास्ते में उसने शोर मचा दिया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. भीड़ जुटती देखकर आरोपी युवक और उसके साथी वहां से भाग निकले.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को अपने संरक्षण में लिया. सामाजिक कार्यकर्ता के मुताबिक, किशोरी काफी डरी हुई थी. बाद में उसने अकेले में बातचीत के दौरान पूरी घटना बताई. किशोरी ने आरोप लगाया कि उसे शादी का झांसा देकर बुलाया गया था और बाद में उसे जान से नुकसान पहुंचाने की बात कही गई.

इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में राइड कैंसिल करने पर युवक को धमकी, 22 बार फोन कर ‘काटकर फेंक दूंगा’ कहने का आरोप

परिवार बोला- शिकायत पर नहीं हुआ केस

किशोरी के परिजनों का आरोप है कि मुजफ्फरनगर पुलिस ने फोन कर बेटी के मिलने की सूचना दी और उसे लेने के लिए बुलाया, लेकिन उनकी शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया. परिवार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है. मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है. जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और किशोरी के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.