गोरखपुर. शहर में राइड कैंसिल करने को लेकर एक श्रद्धालु को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. वाराणसी के बाबतपुर निवासी हेमंत मिश्रा का आरोप है कि रैपिडो की राइड कैंसिल करने के बाद राइडर ने उन्हें करीब 22 बार फोन किया. फोन पर गाली-गलौज करते हुए कथित तौर पर कहा गया कि राइड क्यों कैंसिल की और उन्हें काटकर फेंक दिया जाएगा. हेमंत ने मामले की शिकायत गोरखनाथ थाने में की है. पुलिस ने मोबाइल नंबर लेकर जांच शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें- 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का लखनऊ में हंगामा, मंत्री ओम प्रकाश राजभर के घर का घेराव

ड्राइवर का नाम देखकर कैंसिल की राइड

हेमंत मिश्रा ने बताया कि वह इस्कॉन मंदिर से जुड़े हैं और धार्मिक गतिविधियों के सिलसिले में देशभर में यात्रा करते हैं. गोरखनाथ मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा की जानकारी मिलने के बाद वह रविवार शाम करीब 8 बजे गोरखपुर पहुंचे थे. होटल में रुकने के बाद सोमवार को कथा सुनने गए. कथा स्थल से रामगढ़ताल जाने के लिए उन्होंने रैपिडो से राइड बुक की. हेमंत के मुताबिक, बुकिंग के दौरान मुस्लिम ड्राइवर का नाम देखकर उन्होंने राइड कैंसिल कर दी. उनका कहना है कि इसके करीब एक मिनट बाद ही राइडर की ओर से फोन आने लगे.

22 बार कॉल करने और धमकी देने का आरोप

हेमंत का आरोप है कि राइड कैंसिल करने को लेकर राइडर ने लगातार फोन किए. इस दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई. उन्होंने कहा कि फोन पर ‘काटकर फेंक दूंगा’ जैसी बात कही गई. घटना के बाद हेमंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पूरे मामले की जानकारी दी. पोस्ट सामने आने के बाद गोरखपुर पुलिस ने उनसे संपर्क किया और धमकी देने वाले नंबर की जानकारी मांगी.

X पोस्ट के बाद पुलिस ने मांगा नंबर

हेमंत के मुताबिक, गोरखपुर पुलिस ने X के जरिए उनसे मोबाइल नंबर साझा करने को कहा. इसके बाद उन्होंने पुलिस को संबंधित नंबर उपलब्ध कराया. कुछ देर बाद एसएसपी का फोन आया और उन्हें पूरी घटना की जानकारी देने के साथ गोरखनाथ थाने में लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया. हेमंत ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी. उनका कहना है कि वह धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोरखपुर आए थे और घटना के बाद उन्हें सुरक्षा को लेकर चिंता हुई.

इसे भी पढ़ें- मेरठ में छात्र नेता शान मोहम्मद पर कार्रवाई, 3 महीने के लिए जिलाबदर; पुलिस ने कराई मुनादी

पुलिस बोली- नंबर लेकर जांच शुरू की

सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि युवक के मोबाइल से धमकी देने वाले व्यक्ति का नंबर लिया गया है. मामले में आगे की जांच-पड़ताल की जा रही है. पुलिस कॉल डिटेल और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर कार्रवाई की दिशा में जांच कर रही है.