मेरठ. चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) की छात्र राजनीति में सक्रिय रहे शान मोहम्मद को मेरठ की सीमा से तीन महीने के लिए जिलाबदर किया गया है. किठौर थाना पुलिस ने रविवार को कस्बे में मुनादी कराकर प्रशासन के आदेश की जानकारी दी. इसके साथ ही शान मोहम्मद के मकान पर जिलाबदर संबंधी नोटिस भी चस्पा किया गया.
इसे भी पढ़ें- ‘2024 में हराया, 2027 में भी हराएंगे’, अखिलेश ने बताया 27 हजार वोटों का फॉर्मूला, किए कई बड़े एलान
एडीएम कोर्ट की कार्रवाई के बाद आदेश
पुलिस के मुताबिक, शान मोहम्मद के खिलाफ एडीएम कोर्ट में चल रही कार्रवाई के बाद उसे गुंडा घोषित किया गया. प्रशासन के आदेश के तहत अब वह तीन महीने तक मेरठ जिले की सीमा में नहीं रह सकता. पुलिस ने बताया कि जिलाबदर की अवधि में उसके जिले में पाए जाने पर प्रशासनिक आदेश के उल्लंघन के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.
चंद्रशेखर आजाद की पार्टी से जुड़ाव
शान मोहम्मद किठौर कस्बे का रहने वाला है और लंबे समय से छात्र राजनीति में सक्रिय बताया जाता है. वह नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की पार्टी की राजनीति में भी सक्रिय है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उसे भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन के प्रभारी के तौर पर भी जाना जाता है.. CCSU में छात्र हितों से जुड़े कई धरना-प्रदर्शनों में उसकी भागीदारी रही है.
आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमों का दावा
पुलिस के अनुसार, शान मोहम्मद के खिलाफ विभिन्न मामलों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. छात्र आंदोलनों और प्रदर्शनों के दौरान भी उसके खिलाफ केस दर्ज होने की बात पुलिस ने कही है. इन्हीं मामलों के आधार पर पुलिस ने जिलाबदर की कार्रवाई के लिए प्रशासन को रिपोर्ट भेजी थी. हाल में गंगानगर स्थित आईएमटी यूनिवर्सिटी में छात्रा की मौत के मामले को लेकर हुए प्रदर्शन में भी उसके शामिल होने की बात सामने आई थी.
इसे भी पढ़ें- ओम प्रकाश राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- ‘गठबंधन नहीं, ठगबंधन’; कांग्रेस नेताओं पर भी साधा निशाना
घर पर नोटिस चस्पा, मुनादी कराई
जिला प्रशासन के आदेश के बाद किठौर पुलिस शान मोहम्मद के घर पहुंची और वहां जिलाबदर का नोटिस चस्पा किया. इसके बाद इलाके में मुनादी कराकर लोगों को प्रशासनिक आदेश की जानकारी दी गई. पुलिस ने कहा कि जिलाबदर अवधि में शान मोहम्मद के मेरठ में मिलने पर आदेश के उल्लंघन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.


