मुजफ्फरपुर। जिले में अपराधियों के हौसले पूरी तरह बुलंद नजर आ रहे हैं। जिले के सकरा थाना क्षेत्र के मुरौल ओपी अंतर्गत पिलखी गजपति गांव में चोरों ने एक ही रात में लगभग एक दर्जन घरों को अपना निशाना बनाया। इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, चोरों ने सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया। कुछ घर उस दौरान पूरी तरह बंद थे, जबकि कुछ घरों में परिवार के सदस्य अंदर सो रहे थे। चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए पिछले रास्ते से घरों में प्रवेश किया और घर के अंदर रखे बक्से, संदूक और अलमारियों को खंगाल डाला।
चोरों ने इस दौरान किसी आम नागरिक ही नहीं, बल्कि गांव की मुखिया के घर को भी नहीं छोड़ा। मुखिया के आवास समेत करीब 12 घरों से चोर नकदी, कीमती सोने-चांदी के जेवरात और अन्य लाखों रुपए मूल्य की संपत्ति समेटकर आसानी से फरार हो गए।
तीन दिन पहले भी हुई थी सुगबुगाहट
ग्रामीणों ने बताया कि मुरौल ओपी क्षेत्र में महज तीन दिन पहले भी चोरों ने कई घरों को निशाना बनाने का प्रयास किया था। लगातार हो रही इन वारदतों से साफ जाहिर होता है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ बिल्कुल नहीं है। एक साथ 12 घरों में चोरी होने के बाद से ग्रामीण अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर काफी डरे हुए हैं। घटना के बाद से गांव के लोगों ने रात के समय खुद ही अपने स्तर से पहरा देना और निगरानी बढ़ा दी है।
पुलिस और डॉग स्क्वॉड की टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ ईस्ट वन मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और पीड़ित परिवारों से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह का बयान: पिलखी गजपति गांव में एक साथ कई घरों को निशाना बनाए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। इसके अलावा अपराधियों के सुराग के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी कर ली जाएगी।
फिलहाल पुलिस आसपास के संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की धर-पकड़ के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

