Bihar Crime: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक सनसनी खेज खबर सामने आई है, जहां जजुआर थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी की हत्या का मामला सामने आया है, जिसका शव पांच दिन पहले दरभंगा के कमतौल थाना क्षेत्र में सुनसान जगह से बरामद हुआ था। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की तो मृतक किशोरी की पहचान जजुआर थाना क्षेत्र स्थित टेकवारा गांव निवासी के रूप में हुई। मामले में मृतक किशोरी के परिवार की भूमिका संदेह के घेरे में, जिसकी जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।

चार बहनों में सबसे छोटी थी मृतका

मिली जानकारी के अनुसार मृतक किशोरी चार बहनों में सबसे छोटी थी। दरअसल शव मिलने के बाद दरभंगा जिले की कमतौल पुलिस ने मृतका की पहचान के लिए उसकी तस्वरी को आसपास के थानों में भेजा था। इसी दौरान पुलिस को यह पता चला कि मृतक युवती मुजफ्फरपुर के जजुआर इलाके की रहने वाली है।

घर से गायब मिले परिवार के सभी सदस्य

इसके बाद जब पुलिस टेकवारा गांव स्थित मृतक किशोरी के घर पर पहुंची तो उसका घर बंद मिला। वहीं, परिवार के सभी सदस्य घर से गायब थे, जिसके बाद पुलिस अब किशोरी के परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। घटना के संबंध में जजुआर थानाध्यक्ष रौशन कुमार मिश्रा ने बताया कि युवती का शव मिलना और परिवार के सभी सदस्यों का एक साथ गायब होना घटना को लेकर संदेह पैदा करता है। किशोरी की हत्या में परिवार के लोगों की भूमिका से इंकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है।

जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस

उधर कमतौल थाना की पुलिस ने बताया कि किशोरी का शव करीब 5 दिन पहले मालपट्टी-हरिहरपुर मार्ग पर सिसवनी के सुनसान इलाके से बरामद हुआ था। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इस बात की आशंका जताई है कि किशोरी के साथ मारपीट करने के बाद उसकी हत्या की गई है। पुलिस के मुताबिक किशोरी के नाक और मुंह से खून निकला हुआ था। वहीं, गले पर काला निशान भी मिला था। हालांकि पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी के मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

ये भी पढ़ें- समस्तीपुर में 4 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, 15 वर्षीय चाचा हिरासत में