गया। कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आज जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (बिससूत्री) की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बिहार सरकार के कृषि मंत्री और गया जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर मंथन किया गया। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार सहित जिले के जनप्रतिनिधि और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

​मुजफ्फरपुर हादसे पर सख्त रुख

​बैठक के दौरान मंत्री विजय सिन्हा ने मुजफ्फरपुर में हुई हालिया दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए स्पष्ट किया कि राज्य सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने अधिकारियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर कानून सम्मत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार की वर्तमान प्राथमिकता प्रभावितों को तत्काल और उचित राहत पहुंचाना है जिसके लिए प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है।

​जन कल्याणकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग पर जोर

​प्रभारी मंत्री के रूप में अपनी पहली बैठक में ही विजय सिन्हा अपने सुधारात्मक तेवर में नजर आए। उन्होंने पूर्व में लिए गए निर्णयों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बिससूत्री के सभी सदस्य अब योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करेंगे ताकि विकास कार्य धरातल पर बेहतर ढंग से उतर सकें। उन्होंने बैठक के दौरान योजनाओं को गति देने की रणनीति पर चर्चा की।

​प्रधानमंत्री के नेतृत्व की प्रशंसा

​इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए मंत्री सिन्हा ने उन्हें ‘मां भारती का वरदान’ बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी बिना किसी अवकाश के निरंतर विकसित भारत के निर्माण में जुटे हैं। उनके लंबे कार्यकाल में उन पर कोई दाग न लगना पूरे देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि देश की जनता उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करती है, ताकि भारत का वैश्विक मान-सम्मान निरंतर बढ़ता रहे।