उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दरअसल पुलिस ने अपहरण और 10 लाख फिरौती मामले का महज 8 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मुर्गी दाना कारोबारी चंदन कुमार को सकुशल बरामद कर लिया है।

रिहाई के बदले मांगी थी 10 लाख की फिरौती

दरअसल कल बुधवार (19 अगस्त) की देर शाम मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मिसकॉट गली से कार सवार बदमाशों ने मुर्गी दाना कारोबारी चंदन कुमार का अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद कारोबारी को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में ले जाकर एक खंडहरनुमा मकान में बंद रखा गया था। बदमाशों ने वीडियो कॉल के जरिए परिजनों को कारोबारी की पिटाई करते हुए दिखाया और उसकी रिहाई के बदले 10 लाख रुपये फिरौती की मांग की थी।

यूपी पुलिस ने किया सहयोग, 4 आरोपी गिरफ्तार

परिजनों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। सिटी एसपी मोहिल्बुला अंसारी ने खुद इस मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय जांच के आधार पर अपहर्ताओं की लोकेशन का पता लगाया और उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क कर संयुक्त कार्रवाई शुरू की।

इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी कर कारोबारी चंदन कुमार को सकुशल बरामद कर लिया। सिटी एसपी के अनुसार, अपहरण के 8 घंटों के भीतर कारोबारी को बरामद कर लिया गया। मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस


गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र निवासी सुरज कुमार उर्फ सुरज कुमार सिंह उर्फ सुरजभान सिंह, सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र निवासी रौशन कुमार, उत्तर प्रदेश के कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र निवासी गौरव सिंह और समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र निवासी अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

सिटी एसपी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से अपहृत कारोबारी को सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक वाहन और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर अपहरण की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

ये भी पढ़ें- चंद पैसों के लिए मां की हत्या, शव खेत में फेंका फिर रची लूट की झूठी कहानी, आरोपी बेटा गिरफ्तार