मुजफ्फरपुर। जिले से धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। यहां के एक प्रतिष्ठित न्यूरोलॉजिस्ट डॉक्टर एफ.एम. नूरी ने अपनी दूसरी पत्नी और उसके परिजनों पर लाखों के जेवर और कीमती सामान चोरी कर भागने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में ब्रह्मपुरा थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।
बच्चों की खातिर लिया था निकाह का फैसला
डॉ. एफ.एम. नूरी ने बताया कि उनकी पहली पत्नी के निधन के बाद वे अपने बच्चों के अकेलेपन और परवरिश को लेकर काफी चिंतित रहते थे। बच्चों को मां का प्यार और सही देखरेख मिल सके, इसी उद्देश्य से उन्होंने साल 2022 में कोलकाता की एक युवती से निकाह किया था। उन्हें उम्मीद थी कि नई पत्नी घर और बच्चों को संभालेगी, लेकिन हकीकत इसके उलट निकली।
शादीशुदा होने की बात छिपाई और बच्चों पर ढाया जुल्म
निकाह के कुछ समय बाद ही दूसरी पत्नी का व्यवहार बदलने लगा। डॉक्टर का आरोप है कि वह बच्चों के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करने लगी। जांच-पड़ताल करने पर डॉक्टर को यह भी पता चला कि महिला पहले से शादीशुदा थी और यह तथ्य उनसे पूरी तरह छिपाया गया था। बच्चों के भविष्य को देखते हुए डॉक्टर ने इस धोखे के बाद भी समझौता करने की कोशिश की, जो बाद में भारी पड़ा।
पंचायत के बहाने आए मायके वाले और ले उड़े
विवाद बढ़ने पर डॉ. नूरी ने जब पत्नी के परिजनों को शिकायत की, तो कोलकाता से उसके घरवाले मुजफ्फरपुर पहुंचे। डॉक्टर को लगा कि वे मामले को सुलझाने आए हैं, लेकिन मौका पाकर पत्नी और उसके परिजनों ने घर में रखे पहली पत्नी के पुश्तैनी सोने के जेवर, शादी के आभूषण और अन्य कीमती सामान समेट लिए और फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और धमकियों का दौर
पीड़ित डॉक्टर का कहना है कि जब उन्होंने चोरी गए सामान की वापसी के लिए संपर्क किया, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने और अंजाम भुगतने की धमकियां देना शुरू कर दिया। ब्रह्मपुरा थाना प्रभारी विपिन कुमार रंजन ने बताया कि डॉक्टर के आवेदन के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब कोलकाता के उन संदिग्धों की तलाश में जुटी है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।

