पूर्वी चंपारण। मुजफ्फरपुर DRI (राजस्व खुफिया निदेशालय) और STF की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वी चंपारण जिले से 10 किलो नेपाली चरस जब्त की है। जब्त चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस दौरान टीम ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।कार्रवाई पूर्वी चंपारण जिले के डुमरिया घाट थाना क्षेत्र में की गई। जानकारी के मुताबिक, खुफिया सूचना के आधार पर DRI और STF की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर तस्कर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 10 किलो नेपाली चरस बरामद हुई। जांच में पता चला कि चरस नेपाल से लाई गई थी। इसे बस के जरिए गुजरात पहुंचाने की योजना थी। आरोपी उत्तर प्रदेश के बस्ती के रास्ते गुजरात के पाटन जिले में इसकी सप्लाई करने जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षा एजेंसियों को तस्करी की सूचना मिली और डुमरिया घाट में उसे दबोच लिया गया।
केसरिया का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार तस्कर की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र के बैरिया गांव निवासी राजेश कुमार सहनी के रूप में हुई है। टीम ने उसके पास से बरामद चरस को जब्त कर लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नेपाल से चरस की खेप किसने भेजी थी, इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गुजरात के पाटन में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। एजेंसियां पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।

