कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर स्थित रहुआ गांव के समीप शुक्रवार को एक भयावह हादसा हो गया। बुडको (BUDCO) द्वारा नाली निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय अचानक गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे भारी मात्रा में गैस का रिसाव होने लगा। इस दौरान वहां से गुजर रही प्लस-2 रहुआ हाई स्कूल की सात छात्राएं गैस की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं।
स्थानीय लोगों की तत्परता से बची जान
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत भांप लिया। स्थानीय निवासियों ने बिना देरी किए अपनी सूझबूझ और आपसी सहयोग से सभी सात छात्राओं को आनन-फानन में मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचने से बच्चियों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।



मेडिकल कॉलेज रेफर की गईं 5 छात्राएं
मुसहरी पीएचसी में छात्राओं को पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और नर्सों की टीम ने तत्काल प्रभाव से इलाज शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि दो छात्राओं की स्थिति नियंत्रण में है और उनका इलाज पीएचसी में ही चल रहा है। हालांकि नाहिदा खातून, अमृता कुमारी, राखी कुमारी, दिव्या कुमारी और विशाखा कुमारी की स्थिति नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए इन पांचों छात्राओं को एम्बुलेंस के जरिए श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर कर दिया गया है।
लापरवाही का आरोप, प्रशासन मुस्तैद
स्थानीय समाजसेवी नीरज कुमार मिश्रा ने घटना पर रोष जताते हुए बताया कि बुडको द्वारा बड़े पैमाने पर नाली का निर्माण कराया जा रहा है जबकि इसी मार्ग के किनारे से पीएनजी गैस पाइपलाइन भी बिछी हुई है। खुदाई के दौरान जेसीबी चालक की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही छात्राओं के परिजन अस्पताल पहुंचे जहां काफी गहमागहमी देखी गई। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर मुसहरी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इंडियन ऑयल के तकनीकी अधिकारियों की टीम भी घटनास्थल पर तैनात है जो क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से हो रहे गैस रिसाव को रोकने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।

