वीरेंद्र कुमार/नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के करायपरसुराय थाना क्षेत्र स्थित बेरथु गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मृतका की पहचान प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और साजिश के तहत जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
शादी के बाद से ही जारी थी प्रताड़ना
मृतका की मां पटना जिले के बेलछी थाना अंतर्गत जगजानपुर निवासी रिंकू देवी ने बताया कि प्रीति का विवाह वर्ष 2020 में बेरथु गांव निवासी अमरजीत कुमार के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर प्रीति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे।
रिंकू देवी के अनुसार ससुराल पक्ष द्वारा लगातार खटिया, पलंग, गोदानी, अलमारी, अपाचे बाइक, सोने की चेन और अंगूठी की मांग की जा रही थी। आर्थिक तंगी के कारण जब ये मांगें पूरी नहीं हो सकीं तो प्रीति को घर में मारपीट का सामना करना पड़ा। प्रीति ने अपनी मां को फोन पर अपनी जान को गंभीर खतरा होने की सूचना भी दी थी।

मृतिका का प्रोफाइल फोटो
अस्पताल में छोड़कर फरार हुए आरोपी
घटना के संबंध में मृतका के ममेरे भाई जितेंद्र कुमार ने बताया कि वारदात गुरुवार दोपहर को हुई लेकिन ससुराल वालों ने इसकी सूचना परिजनों को रात में दी। जब मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो पता चला कि आरोपी प्रीति को बेलारी चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो चुके थे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया। मृतका के तीन साल की बेटी और डेढ़ साल के बेटे की सुरक्षा को लेकर भी परिजनों ने चिंता जताई है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
करायपरसुराय थानाध्यक्ष सुशील कुमार पासवान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका की मां के बयान पर पति अमरजीत कुमार, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मौत के स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल आरोपी घटना के बाद से ही घर से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

