Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पास बीते 7 अक्टूबर को झाड़ियों में मिले युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक युवती की पहचान रेणु कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी हत्या उसके ही सगे भाई मनीष ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। दरअसल पुलिस जांच में यह सामने आया है कि रेणु कुमारी ने अपने घर वालों के खिलाफ जाकर प्रेम-विवाह किया था, जो उसके मौत की वजह बनी। मामले में पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

बहन के प्रेम-विवाह करने से नाराज था भाई

गिरफ्तार आरोपी भाई मनीष ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह अपनी बहन रेणु के प्रेम विवाह करने से नाराज था। शादी के बाद उसकी बहन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल किया था, जिसे लेकर वह काफी आहत और नाराज था। इससे नाराज होकर उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर बहन के हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।

पिता ने दर्ज कराई थी एफआईआर

दरअसल 7 अक्टूबर को दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पास झाड़ियों में एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद मामले की छानबीन में जुट गई। घटना के 3 दिन बाद मृतका के पिता एसकेएमसीएच पहुंचे और शव की पहचान अपनी बेटी रेणु के रूप में की। इसके बाद उन्होंने बेटी के हत्या की आशंका जताते हुए कांटी थाना में एफआईआर भी दर्ज कराया।

हिरासत में लिए जाने के बाद खुला राज

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाया। इसके लिए एक जांच टीम गठित की गई, जिसने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को खंगाला। जांच के क्रम में पुलिस को मृतक रेणु के भाई मनीष पर शक हुआ, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई। इसके बाद पूरा घटनाक्रम खुलकर सामने आ गया।

आरोपी मनीष के दोस्त की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, मनीष ने बताया कि उसने दोस्त के साथ मिलकर रेणु के गले में दुपट्टे का फंदा लगाया और उसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान और सबूत छिपाने के लिए उसने अपनी बहन के शव को दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त किया है। इसके साथ ही पुलिस अब आरोपी मनीष के उस दोस्त की तलाश में जुट गई है, जिसने इस वारदात में उसका साथ दिया है। वहीं, गिरफ्तार मनीष को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

ये भी पढ़ें- पटना के गांधी मैदान में दहन होगा 90 फीट का रावण, आधे घंटे तक होगी इको-फ्रेंडली आतिशबाजी