Patna Ravan Dahan: पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में विजयादशमी के मौके पर 20 अक्टूबर को होने वाला रावण दहन इस बार खास होने वाला है। दशहरा के मौके पर रावण दहन कार्यक्रम के लिए रावण का 90 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। वहीं, मेघनाथ का पुतला 85 फीट और कुंभकर्ण का पुतला 80 फीट का बनाया गया है। श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट की ओर से आयोजित 71वें श्री रामलीला महोत्सव के तहत होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रावण के पुतले में लगभग 15,000 ग्रीन पटाखे और 25 रिमोट कंट्रोल सिस्टम लगाए गए हैं। दहन के बाद करीब आधे घंटे तक इको-फ्रेंडली आतिशबाजी होगी।

आगरा के कलाकारों ने तैयार किया है पुतला

शनिवार को गांधी मैदान स्थित मुख्य मंच पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने आयोजन से जुड़ी तैयारियों और खास आकर्षणों की जानकारी दी। रावण दहन के संयोजक मनीष सिन्हा ने बताया कि इस बार तीनों पुतलों को बारिश से सुरक्षित रखने के लिए उनके निर्माण में स्टील पाइप का इस्तेमाल किया गया है। इन पुतलों को आगरा के अनुभवी कलाकारों ने तैयार किया है। दशहरे के दिन तीनों पुतलों के दहन के साथ इको-फ्रेंडली आतिशबाजी लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र होगी।

शामिल होंगे राज्यपाल और मुख्यमंत्री

ट्रस्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश कुमार नंदन ने बताया कि कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के शामिल होने की स्वीकृति मिल चुकी है। ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण कुमार ने कहा कि गांधी मैदान में रावण दहन की परंपरा वर्ष 1955 से चली आ रही है। इस साल इसका 71वां आयोजन किया जा रहा है। ट्रस्ट के चेयरमैन कमल नोपानी ने कहा कि यह महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं से भी जुड़ा है।

सुरक्षा के लिए किए गए पुख्ता इंतजाम

रावण दहन देखने के लिए गांधी मैदान में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मैदान में सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर और नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा पुलिस बल की तैनाती के लिए व्यवस्था की गई है। नगर निगम की ओर से साफ-सफाई समेत अन्य तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। गांधी मैदान में इस बार विशाल पुतलों, आकर्षक आतिशबाजी और सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच गांधी मैदान में विजयादशमी का उत्सव मनाया जाएगा।

ये भी पढ़ें- ‘कार्रवाई होगी तो देखा जाएगा’, मांझी के बयान पर अनंत सिंह का पलटवार, PK बोले- मेरा लेना-देना नहीं