उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिले से एक बड़ी और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां शहर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्रसूति विभाग से एक महिला कैदी फरार हो गई, जो इलाज के लिए लाई गई थी। महिला कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। वहीं, पुलिस महकमा भी सकते में आ गया। घटना की सूचना मिलने के बाद वरीष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्रा ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

बिस्किट में जहर देकर की थी बच्चे की हत्या

बता दें कि फरार कैदी महिला ने पिछले महीने बिस्किट में जहर देकर अपने ढाई साल के बेटे को मार दिया था। बच्चे को जहर वाला बिस्किट देने के बाद उसने खुद भी आत्महत्या की नीयत से जहर वाला बिस्किट खाया था, लेकिन इलाज के बाद वह ठीक हो गई। बच्चे की हत्या के आरोप में रामपुर हरि थाना की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जिसके बाद से वह जेल में ही रह रही थी।

दो माह की गर्भवती है फरार महिला कैदी

चुकी महिला कैदी दो माह की गर्भवती है, ऐसे में उसकी तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए जेल प्रशासन की ओर से श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में लाया गया था, जहां प्रसूति वार्ड में उसका इलाज चल रहा था। लेकिन इस बीच आज बुधवार सुबह वह अस्पताल और जेल प्रशासन के कर्मचारियों को चकमा देकर भागने में सफल हो गई। महिला कैदी के इस तरह फरार होने से जेल प्रशासन और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

एसपी कांतेश मिश्रा ने दिए जांच के आदेश

मौके पर पहुंची पुलिस अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी को खंगालने में जुटी हुई है, जिससे महिला कब और कैसे भागी? इसका पता लगाया जा सके और उसकी गिरफ्तार कि जा सके। फिलहाल उसकी तलाश में मेडिकल कॉलेज थाना, रामपुर हरि थाना एवं अन्य कई अन्य थानों की पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। सीनियर एसपी कांतेश मिश्रा ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच का आदेश दिया है।

ये भी पढ़ें- रोहतास से लापता विवाहिता का बक्सर में मिला शव, पति-ससुराल वालों पर हत्या का आरोप, जेठ गिरफ्तार