उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। नगर थाना क्षेत्र के मोतीझील स्थित कपड़े के शोरूम ड्यूक में आग लगने से लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। अगलगी की इस घटना की जानकारी रविवार सुबह करीब 11 बजे उस समय हुई, जब शोरूम का एक कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचा।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इधर, एहतियात के तौर पर नगर थाने की पुलिस ने सड़क के दोनों ओर से आवागमन रोक दिया। आग पूरी तरह बुझने के बाद वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू कराई गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
शोरूम के संचालक रविनंदन सिंह ने बताया कि आग लगने की घटना संभवतः देर रात शॉर्ट सर्किट की वजह से हुई है। रविवार सुबह उन्होंने दुकान खोलने के लिए एक कर्मचारी को भेजा था। इसके बाद वे भी दुकान जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान कर्मचारी ने मोबाइल पर फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वे आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। उस समय दुकान के अंदर धुआं भरा हुआ था। इसके बाद तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही देर में अग्निशमन की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया।
शोरूम में रखा था 9 लाख का स्टॉक
रविनंदन सिंह ने बताया कि आग में शोरूम में रखे कपड़े और फर्नीचर पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं। स्टॉक का मिलान करने के बाद ही कुल नुकसान का सही आकलन हो सकेगा। उन्होंने कहा कि अब शोरूम को नए सिरे से तैयार कराना होगा, तभी दोबारा दुकान शुरू हो पाएगी। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, दुकान में करीब 9 लाख रुपये का कपड़ों का स्टॉक था। इसके अलावा फर्नीचर और दुकान की आंतरिक सजावट भी पूरी तरह जल गई।
मौके पर पहुंची अग्निशमन की टीम
वहीं, अग्निशमन पदाधिकारी रामनिवास पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और एहतियाती कदम उठाते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की लपटें हल्की पड़ चुकी थीं, लेकिन दुकान के अंदर रखा सामान जल चुका था। शुरुआती आशंका है कि देर रात शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी।
ये भी पढ़ें- दो भाइयों का विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, SI समेत 3 पुलिसकर्मी घायल

