कुमार उत्तम/ मुजफ्फरपुर। जिले में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में देर रात मुरौल ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 361 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो भी जब्त की है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान स्कॉर्पियो चालक समेत दो लोग मौके से फरार होने में सफल रहे।मामला मुजफ्फरपुर जिले के मुरौल प्रखंड अंतर्गत मुरौल ओपी क्षेत्र के मीरापुर बेदौल गांव का है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो से विदेशी शराब लाकर गांव की एक झोपड़ी में छिपाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी ने टीम के साथ मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही स्कॉर्पियो चालक और वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर झोपड़ी से अलग-अलग ब्रांड की कुल 361 लीटर विदेशी शराब बरामद की। मौके से स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
इस संबंध में डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मुरौल ओपी पुलिस ने मीरापुर बेदौल में कार्रवाई की थी। छापेमारी के दौरान स्कॉर्पियो से लाई गई विदेशी शराब को झोपड़ी में छिपाया जा रहा था। पुलिस ने शराब और वाहन दोनों को जब्त कर लिया है। फरार हुए दोनों संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

लगातार चल रहा अभियान
गौरतलब है कि मुजफ्फरपुर के सीनियर एसपी कांतेश मिश्रा के निर्देश पर जिले में शराब तस्करी, मादक पदार्थों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुरौल पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

