कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। स्थित ब्रह्मपुरा के प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू में गुरुवार अहले सुबह लगी भीषण आग ने 4 लोगों की जान ले ली। इस दुखद घटना पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। जिलाधिकारी ने इस सहायता राशि के वितरण की प्रक्रिया शुरू करने की पुष्टि की है।

​सुबह 3:30 बजे लगी आग, आईसीयू बना दहकता चेंबर

​घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे की है। अस्पताल के आईसीयू में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। उस समय आईसीयू में 18 में से 17 बेड पर मरीज भर्ती थे। आग की लपटें और धुएं के कारण अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

​मृतकों की पहचान और राहत कार्य

​मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में 4 लोगों की जान गई है। मृतकों की पहचान शशांक कुमार (30 वर्ष, औराई), गीता देवी (मोतीपुर), और उदय कुमार (57 वर्ष, तरियानी, शिवहर) के रूप में हुई है। जिलाधिकारी ने कहा कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट से लगी है। मौके पर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, नगर आयुक्त ऋतुराज कुमार सहित जिले के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी की।

​अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल

​अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अग्निकांड के बाद अस्पताल से कोई भी कर्मी मौके पर नजर नहीं आया, जिससे सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घायलों को तुरंत अन्य अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित कर उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। घायलों के इलाज का खर्च भी प्रशासन द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है।