कुमार उत्तम, मुजफ्फरपुर। जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में बीते 30 मार्च को दिनदहाड़े हुई प्रॉपर्टी डीलर प्रभाकर कुमार सिंह की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। इंदिरा नर्सिंग होम के सामने हुई इस वारदात में पुलिस ने दो और नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या चार हो गई है।
जमीन विवाद और 3.5 लाख की सुपारी का खुलासा
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सीनियर एसपी कांतेश मिश्रा के निर्देश पर नगर एसडीपीओ-2 विनीता सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गिरफ्तार किए गए नए आरोपियों की पहचान शिवहर जिले के सत्यम कुमार और अहियापुर थाना क्षेत्र के डब्लू कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ और आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान के मुताबिक, यह हत्या जमीन, पैसों के लेनदेन और एग्रीमेंट के आपसी विवाद के चलते की गई थी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए 3.5 लाख रुपये की सुपारी ली गई थी।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
घटना के तुरंत बाद मृतक प्रभाकर सिंह की पत्नी ने अहियापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के ठीक अगले दिन यानी 31 मार्च को ही दो आरोपियों कटरा थाना क्षेत्र के उदय पटेल और मुजफ्फरपुर थाना क्षेत्र के तुलसी राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अब पुलिस ने अनुसंधान को आगे बढ़ाते हुए सत्यम कुमार और डब्लू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार सत्यम कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह मध्य निषेध कानून के तहत भी वांटेड है साथ ही उसके खिलाफ शिवहर थाने में अन्य मामले भी दर्ज हैं।
आगे की कार्रवाई जारी
वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि इस हत्याकांड के पीछे और भी कई चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोबाइल भी जब्त किया है जिसकी कॉल डिटेल्स और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में अभी और भी गिरफ्तारियां होने की पूरी संभावना है।


