मुजफ्फरपुर। जिले के बोचहां थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल से छुट्टी के बाद आठवीं कक्षा के तीन छात्र अचानक लापता हो गए हैं। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चे स्कूल परिसर से तो बाहर निकलते दिखे, लेकिन निर्धारित समय पर अपने घर नहीं पहुंचे।

​सीसीटीवी फुटेज में एक-एक कर निकलते दिखे छात्र

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, लापता छात्रों की पहचान कार्तिक किशोर (14), वैभव कुमार (13) और आदर्श कुमार (14) के रूप में हुई है। इनमें कार्तिक करीब 15 किलोमीटर दूर से स्कूल बस द्वारा आता-जाता था, जबकि वैभव (लगभग 6 किमी) और आदर्श (लगभग 9 किमी) साइकिल से स्कूल आते-जाते थे। स्कूल प्रबंधन द्वारा दिखाए गए सीसीटीवी फुटेज में तीनों बच्चे करीब दस-दस मिनट के अंतराल पर स्कूल से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं।
​कार्तिक के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बस से आने-जाने वाले छात्रों की सुरक्षा और उपस्थिति के लिए कई स्तर पर व्यवस्था होने का दावा किया जाता है, फिर भी कार्तिक बस से घर नहीं पहुंचा और स्कूल प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। इसे परिजनों ने स्कूल की भारी लापरवाही करार दिया है।

​पिकनिक के लिए पैसे जुटाने की बात आई सामने

​स्कूल के प्रबंधक सुमन कुमार ने घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दे दी है और बच्चों की तलाश में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, कुछ अन्य छात्रों ने यह जानकारी दी है कि ये तीनों बच्चे आपस में पैसे इकट्ठा कर रहे थे और कहीं पिकनिक मनाने की योजना बना रहे थे। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

​पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई

​बोचहां थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर थाने में आवेदन ले लिया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्कूल से निकलने के बाद वे किस दिशा में गए, किसी वाहन से रवाना हुए या पैदल ही आगे बढ़े। पुलिस और परिजन सुरक्षित बच्चों की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।