मुजफ्फरपुर। जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के बलरा इस्माइल गांव से तीन नाबालिग छात्र अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
स्कूल जाने के लिए निकले थे
लापता छात्रों की पहचान अंकुश कुमार (15, पिता विकास कुमार सिंह), अतुल कुमार उर्फ रिक्की (पिता अजय कुमार सिंह) और सावन कुमार (पिता भोला सिंह) के रूप में हुई है। अतुल और सावन कक्षा 9वीं के छात्र हैं।
परिजनों के मुताबिक, तीनों छात्र 24 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे घर से राजकीय यदुनंदन उच्च विद्यालय बाधी जाने के लिए निकले थे। स्कूल की छुट्टी का समय बीत जाने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाशने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने मनियारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
स्कूल विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला?
इस पूरे मामले में एक नया और अहम पहलू सामने आया है। अंकुश के पिता ने पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया है कि घटना से दो दिन पहले (मंगलवार और बुधवार को) स्कूल के कुछ बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
परिजन इस स्कूल विवाद को भी छात्रों के लापता होने से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस विवाद और बच्चों के गायब होने के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं। पुलिस सभी संभावित एंगल से बारीकी से जांच कर रही है।
मोबाइल बंद और पुलिस की कार्रवाई
परिजनों ने बताया कि लापता छात्र अंकुश के पास एक मोबाइल फोन था, जो एयरटेल नेटवर्क का है, लेकिन फिलहाल उसका फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। इससे परिजनों की चिंता और अधिक बढ़ गई है।
मनियारी थानेदार श्रीकांत चौरसिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को देर रात परिजनों की शिकायत मिल गई है। पुलिस की टीम छात्रों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान कर रही है।


