Deepender Hooda News: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सज्जन कुमार को लेकर दिए गए कथित ‘रोल मॉडल’ बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान को पिछले दो दिनों से तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। हुड्डा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा कोई अंग्रेजी शब्द नहीं बोला, जिसका अर्थ सिख समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाना हो।

X पर क्या बोले दीपेंद्र हुड्डा?

रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को अपने आधिकारिक X हैंडल पर कहा कि उनकी मंशा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कभी नहीं रही। उन्होंने कहा कि सिख समाज उनके लिए अपना परिवार है और अगर उनके बयान से किसी भाई की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह खेद व्यक्त करते हैं।

हुड्डा ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई से लेकर सीमाओं की रक्षा तक सिख समाज ने देश के लिए बड़ी कुर्बानियां दी हैं। उन्होंने सिख समाज के साथ अपने पारिवारिक रिश्ते का भी जिक्र किया।

1984 दंगों पर भी रखी बात

दीपेंद्र हुड्डा ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि न्याय की लड़ाई में वह सिख समाज के साथ हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए और किसी भी दोषी को बचना नहीं चाहिए।

चन्नी और बरिंदर सिंह ढिल्लों ने की थी आलोचना

इस विवाद के बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बरिंदर सिंह ढिल्लों ने हुड्डा के बयान पर सवाल उठाए थे। चन्नी ने सज्जन कुमार को सिखों का हत्यारा और गद्दार बताते हुए कहा था कि ऐसे व्यक्ति को ‘रोल मॉडल’ कहना उचित नहीं है। गौरतलब है कि सज्जन कुमार को 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामले में दोषी ठहराया गया था। कुछ दिन पहले तिहाड़ जेल में उनका निधन हो गया था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m