भिवानी। भिवानी जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण की रहने वाली लेडी टीचर मनीषा की संदिग्ध मौत के मामले में करीब 10 महीने बाद भी जांच किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच सकी है। मामले के खुलासे में हो रही देरी से नाराज परिजनों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का फैसला किया है।

मनीषा के परिवार ने घोषणा की है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे 29 जून से डीसी कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे। परिजनों का आरोप है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

प्रशासन ने नहीं दी अनुमति
हालांकि प्रशासन की ओर से परिवार को अनशन की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद परिजन अपने फैसले पर अड़े हुए हैं और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं।

परिवार का कहना है कि जब तक मामले का खुलासा नहीं होता और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, इस मामले को लेकर क्षेत्र में भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।