हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के राजपुरा में सैनी महासम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए 'हरियाणा मॉडल' की सराहना की।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के राजपुरा में आयोजित सैनी महासम्मेलन में बड़ा राजनीतिक और सामाजिक संदेश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यालय और आवास जनता के लिए चौबीसों घंटे खुला रहता है। उन्होंने कहा कि समाज कल्याण, अधिकारों की रक्षा और जनहित के मुद्दों पर सरकार नीतिगत व व्यक्तिगत स्तर पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

सैनी समाज वेलफेयर कमेटी द्वारा आयोजित महासम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाज से एकजुट होकर राष्ट्र और समाज को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सैनी समाज को अब केवल समर्थक नहीं बल्कि पंचायत से संसद तक निर्णायक राजनीतिक भूमिका निभानी होगी। समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए जोरदार पैरवी की जाएगी और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के प्रयास जारी रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनावों में बड़े-बड़े वादे कर लोगों को भ्रमित किया गया। उन्होंने कहा कि आज पंजाब की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, पिछड़े वर्ग और जरूरतमंद लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा, शिक्षा में आरक्षण और कल्याणकारी योजनाओं को ऐतिहासिक कदम बताया।

नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों की फसलें MSP पर खरीद रही है, महिलाओं को सस्ते सिलेंडर, किसानों को सब्सिडी और बुजुर्गों, विधवाओं व दिव्यांगों को समय पर पेंशन दी जा रही है। उन्होंने पंजाब में भी हरियाणा मॉडल की जनकल्याणकारी नीतियां लागू करने की बात कही। इस दौरान मोहाली-राजपुरा रेल बाईपास सहित कई विकास परियोजनाओं और रोजगार सृजन योजनाओं का भी उल्लेख किया गया।