शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में 2023 के विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर एक बार फिर बड़ा भूचाल आ गया है। छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए 2023 के नतीजों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। नकुलनाथ ने लिखा कि “असंभव था कमलनाथ का मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 हारना”। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर हुई वोट चोरी की वजह से कांग्रेस चुनाव हारी।
वोट चोरी की शुरुआत मध्य प्रदेश से ही हुई
नकुलनाथ ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि राहुल गांधी ने अतिमहत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बात फिर स्पष्ट की है कि इतने बड़े पैमाने पर वोट चोरी की शुरुआत मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 से ही हुई थी। राहुल गांधी की टेक्निकल एक्सपर्ट टीम का भी साफ कहना था कि जो नतीजे सामने आए, वे सामान्य परिस्थितियों में आ ही नहीं सकते।
चुनाव आयोग ने फर्जी वोटरों को नहीं हटाया
नकुलनाथ के मुताबिक, कमलनाथ जी के कुशल नेतृत्व में कांग्रेस जीत की ओर बढ़ रही थी, लेकिन योजनाबद्ध तरीके से वोट चोरी करवाकर उन्हें हराया गया। नकुलनाथ ने अपने दावे के पक्ष में तर्क देते हुए 2018 के चुनावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2018 में जब कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस जीती थी, तब कांग्रेस पार्टी के दबाव में आकर चुनाव आयोग ने प्रदेश से 24 लाख फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए थे। लेकिन 2023 के चुनाव में लगातार शिकायतों के बावजूद चुनाव आयोग ने फर्जी वोटरों को नहीं हटाया।
ऑनलाइन फूड आयटम मंगाने वाले सावधान ! ब्लिंकिट से मंगाई ब्रेड में मिली फफूंद, मासूम बच्चियों ने खाया
आयोग की चुप्पी और लोकतंत्र पर हमला
नकुलनाथ ने आगे आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होने के बाद आयोग ने खुद माना था कि मध्य प्रदेश में करीब 33 लाख फर्जी वोटर मौजूद थे। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 2023 के मध्य प्रदेश चुनाव से शुरू हुई लोकतंत्र की हत्या का खेल अब ईवीएम और वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के जरिए करोड़ों मतदाताओं के अधिकारों को छीनने तक पहुंच चुका है। नकुलनाथ के इस पोस्ट के बाद प्रदेश का सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


