वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र में कृष्ण जन्माष्टमी मेले की सजावट के दौरान करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बरसीमा गांव निवासी सुदामा रविदास के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने बिहारशरीफ–एकंगरसराय मुख्य मार्ग पर रेलवे फाटक के पास शव रखकर करीब 5 घंटे तक सड़क जाम कर दिया।
टेंट हाउस में मजदूरी का काम करता था युवक
सुजीत अपने पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था और एकंगरसराय के पप्पू टेंट हाउस में मजदूरी करता था। सोमवार शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच वह महादेव स्थान के पास कृष्ण जन्माष्टमी मेले में सजावट का काम कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। आनन-फानन में उसे एकंगरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुआवजे और टेंट संचालक पर कार्रवाई की मांग
मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के बड़े भाई मिथिलेश रविदास ने बताया कि उन्हें फोन से घटना की जानकारी मिली। वहीं परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच, मुआवजे और टेंट संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों की ओर से यह आशंका भी जताई गई कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने समाप्त कराया जाम
घटना के संबंध में हिलसा डीएसपी-2 राम दुलार प्रसाद ने बताया कि करंट लगने से किशोर की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद परिजनों ने सड़क जाम किया था। समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया है। आवेदन मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- सुबह-सुबह पटना में भीषण सड़क हादसा: कार सवार दंपत्ति समेत 3 लोगों की दर्दनाक मौत



