वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में आज सोमवार की सुबह-सुबह बदमाशों का आतंक देखने को मिला, जहां बिहार थाना क्षेत्र के यादव छात्रावास के समीप एक यात्री बस पर अचानक 10 से 12 युवकों ने हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से लैस हमलावरों ने बस के चालक और उपचालक के साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, बदमाशों ने बस के शीशे भी तोड़ दिए गए और उनपर उपचालक के पास रखे करीब 5 हजार रुपये छीनने का आरोप लगा है।
यात्रियों के बीच मची अफरा-तफरी
घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच किसी तरह स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल चालक और उपचालक को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि बिहारशरीफ से शेखपुरा जा रही ‘बदौनी’ नामक यात्री बस सुबह यादव छात्रावास के समीप पहुंची।
चालक और उपचालक के साथ मारपीट
बस चालक नीतीश कुमार के अनुसार, सड़क किनारे 4-5 युवक खड़े दिखाई दिए। उन्हें सवारी समझकर चालक ने बस रोक दी। आरोप है कि बस रुकते ही युवकों ने ड्राइवर साइड से पहुंचकर जबरन बस की चाबी निकाल ली। इसके बाद देखते ही देखते 10 से 12 अन्य युवक वहां पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए चालक और उपचालक पर लाठी-डंडों तथा लोहे के पाइप से हमला कर दिया।
रक्षा बंधन के दिन भी हुआ था विवाद
चालक ने बताया कि हमलावरों ने सबसे पहले उपचालक पप्पू यादव को घेरकर पीटा और इसके बाद बस के अंदर घुसकर चालक के साथ मारपीट की। हमले में बस के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। चालक नीतीश कुमार का आरोप है कि डीजल भराने के लिए उनकी जेब में रखे करीब 5 हजार रुपये भी हमलावरों ने छीन लिए।
घटना के पीछे हाल के दिनों में हुआ एक विवाद भी सामने आ रहा है। चालक के अनुसार, रक्षाबंधन के दिन बस में काफी भीड़ थी। उस दौरान बस अपने नियमित स्टॉपेज से कुछ दूरी पर रुकी थी। इसी बात को लेकर एक यात्री और उसके परिजनों ने चालक और उपचालक के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की थी और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
चालक ने आशंका जताई है कि उसी विवाद के बाद योजनाबद्ध तरीके से इस हमले को अंजाम दिया गया। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह और आरोपियों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बिहार थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज जुटाने शुरू कर दिए हैं, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
प्राथमिकी दर्ज कराने पर होगी कानूनी कार्रवाई
थानाध्यक्ष सम्राट दीपक के अनुसार, घायलों को अस्पताल भेजकर प्राथमिक उपचार कराया गया है। पुलिस का कहना है कि लिखित आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। अब देखना होगा कि सरेआम बस पर हमला करने वाले इन आरोपियों तक पुलिस कब पहुंचती है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।
ये भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे पर रवाना, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ होगी अहम बैठक


