वीरेंद्र कुमार, नालंदा। बिहारशरीफ स्मार्ट सिटी एक बार फिर जलजमाव की समस्या को लेकर सुर्खियों में है। कल रविवार देर रात हुई बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया और कई मोहल्लों में नालियों का गंदा पानी घरों तक पहुंच गया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तालाब बनीं सड़कें, घरों में घुसा गंदा पानी
बारिश के बाद बिचली खंदकपर, पुल पर, अंबेर मोड़, टेलीफोन एक्सचेंज, रांची रोड और कटरा समेत कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब नजर आईं। कहीं बच्चे बारिश के पानी में खेलते दिखाई दिए तो दूसरी ओर लोग गंदे पानी, बदबू और जलजमाव से परेशान रहे। कई घरों में नालियों का गंदा पानी घुसने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया।
हर बारिश के बाद झेलनी पड़ती है मुसीबत
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम विभिन्न मदों में टैक्स तो नियमित रूप से वसूलता है, लेकिन जल निकासी और नालों की सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता। उनका आरोप है कि हर बारिश के बाद यही स्थिति बन जाती है और शहरवासियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
नगर निगम से स्थायी समाधान की मांग
लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, नालों की नियमित सफाई कराई जाए और स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान लोगों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
ये भी पढ़ें- नेपाल की बारिश बनी मुसीबत, सिकरहना नदी का जलस्तर बढ़ा, कई परिवारों के बेघर होने का खतरा


