वीरेंद्र कुमार/नालंदा। रहुई थाना क्षेत्र के पेशौर गांव में बुधवार को पारिवारिक कलह ने एक दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया। मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही सगे बड़े भाई की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इस खूनी संघर्ष में बीच-बचाव करने आए पिता और एक अन्य भाई को भी आरोपी ने गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा है।
विवाद का रूप और खूनी संघर्ष
मृतक की पहचान 30 वर्षीय सिंटू कुमार के रूप में हुई है। घायल पिता सुनील पंडित और 24 वर्षीय भाई विपिन कुमार का स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घायल विपिन कुमार ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि घर के अंदर विवाद चल रहा था, तभी शोर सुनकर वह और उनके पिता मौके पर पहुंचे। उनका उद्देश्य झगड़ा शांत कराना था, लेकिन आरोपी भाई ने आपा खो दिया और बिना किसी संकोच के उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में सिंटू कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
संपत्ति का विवाद बना वजह?
परिजनों का मानना है कि इस जघन्य हत्याकांड के पीछे घर या संपत्ति का बंटवारा एक बड़ा कारण हो सकता है। घायलों के अनुसार, आरोपी भाई ने इससे पहले भी परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी थी। पारिवारिक विवाद ने इतनी हिंसक शक्ल ले ली कि भाई ने भाई का ही खून बहा दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
सूचना मिलते ही रहुई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ललित विजय ने जानकारी दी कि घटना के बाद से ही आरोपी भाई फरार है। पुलिस उसकी तलाश में विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस टीम घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हत्या के पीछे का मुख्य उद्देश्य क्या था। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की जांच जारी है।

