वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के बिहारशरीफ स्थित बिहार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 (माही खंदक अयोध्या पथ) में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यहां एक मकान की तीसरी मंजिल पर पानी गर्म करने के दौरान गैस रिसाव से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि कमरे में रखा एलपीजी सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया।
दादी और नतिनी ने भागकर बचाई जान
हादसे के वक्त कमरे में किराएदार सुलेखा देवी अपनी नतिनी के साथ मौजूद थीं। गैस चालू करते ही रिसाव के कारण आग भड़क उठी। सुलेखा देवी ने शुरुआत में कंबल और पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन जब लपटें बेकाबू हो गईं, तो वह तुरंत अपनी नतिनी को लेकर नीचे की ओर भागीं। उनके बाहर निकलते ही सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। दोनों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी की जान नहीं गई।





लाखों की संपत्ति जलकर राख, मकान भी क्षतिग्रस्त
धमाका इतना तेज था कि तीसरी मंजिल का कमरा पूरी तरह तबाह हो गया। सुलेखा देवी के बेटे सोनू कुमार के मुताबिक, कमरे में रखे 30,000 नकद, जरूरी दस्तावेज, बर्तन, कपड़े, पंखा और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। मकान मालकिन इंदु देवी ने बताया कि आग और धमाके के कारण मकान की खिड़कियां और दरवाजे भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि अब उनके पास कुछ भी नहीं बचा है।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, सुरक्षा की अपील
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सब ऑफिसर अमरजीत कुमार ने बताया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने 15 मिनट के भीतर पहुंचकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, हालांकि टीम के पहुंचने से पहले सिलेंडर फट चुका था। अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की है कि गैस रिसाव या आग लगने पर खुद जान जोखिम में न डालें, तुरंत सुरक्षित बाहर निकलें और 112 या 101 पर सूचना दें।

