वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के डेयरी, दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए आज का दिन ऐतिहासिक माना जा रहा है। बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के तत्वावधान में नालंदा डेयरी प्रोजेक्ट परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। यह कार्यक्रम पहले 17 जुलाई को प्रस्तावित था, जिसे बाद में स्थगित कर दिया गया था।

20 मीट्रिक टन क्षमता वाले प्लांट का शिलान्यास

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रतिदिन 20 मीट्रिक टन क्षमता वाले अत्याधुनिक दही एवं लस्सी प्लांट का शिलान्यास है। इसके शुरू होने से दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता बढ़ेगी, किसानों के दूध की बेहतर खपत होगी और सुधा के उत्पादों की उपलब्धता में भी वृद्धि होगी। इसके साथ ही कॉम्फेड द्वारा संचालित एचपीसीएल पेट्रोल पंप और सुधा कैफेटेरिया की भी शुरुआत की जाएगी।

300 खुदरा विक्रेताओं को डीप फ्रीजर

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 300 खुदरा विक्रेताओं के बीच डीप फ्रीजर का वितरण करेंगे, जिससे दुग्ध उत्पादों के सुरक्षित भंडारण और बिक्री को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में पशु उठाव एवं परिवहन वाहन का लोकार्पण तथा महिला सशक्तिकरण के लिए जीविका पशु सखी प्रशिक्षण की भी शुरुआत होगी।

जिले में सृजित होंगे रोजगार के अवसर

नालंदा डेयरी के सीईओ अरविंद कुमार सिन्हा ने बताया कि इन परियोजनाओं से जिले में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, पशुपालकों की आय बढ़ेगी और नालंदा बिहार के प्रमुख डेयरी हब के रूप में नई पहचान बनाएगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मंत्री नंद किशोर राम सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें- आज पटना आ रही हैं नेहा बोरा, बेउर जेल में बंद छात्रों से करेंगी मुलाकात, सरकार को दी चेतावनी