Bihar News: नीट पेपर लीक और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी पटना समेत लगभग पूरे बिहार में कई जगहों पर 22 और 25 जुलाई को छात्रों का प्रदर्शन हुआ है। इस दौरान कई जगहों पर छात्रों का उग्र प्रदर्शन भी देखने को मिला, जिसके आधार पर पटना पुलिस ने वाम दल के विधायक संदीप सौरभ समेत आइसा के कई छात्र नेताओं को गिरफ्तार किया है। अब इस मुद्दे को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने बड़ा दावा करते हुए सीधे सम्राट सरकार को चुनौती दी है।

छात्रों की गिरफ्तारी पर उठाया सवाल

    दरअसल नेहा बोरा ने एक वीडियो शेयर करते हुए यह दावा किया है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होने के बाद भी बिहार के जेलों में 100 से अधिक प्रदर्शनकारियों को बंद कर रखा गया है। नेहा बोरा ने कहा कि, एक तरफ जहां हम लोग धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जश्न मना रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर इस आंदोलन में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। उन्होंने कहा कि, बिहार में माले विधायक संदीप सौरभ, आइसा के धनंजय , दीपांकर समेत कई लोगों को पटना के बेउर जेल में बंद किया गया है।

    वरना जारी रहेगा आंदोलन- नेहा

    नेहा बोरा ने कहा कि, यह कार्रवाई सरकार के उस वादे का उल्लंघन है, जो सरकार ने किया था कि प्रदर्शन में शामिल लोगों की मांग जायज थी और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते यह भी कहा कि, सिर्फ एक दिन के प्रदर्शन के आधार पर जेल में बंद किए गए लोगों पर हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जो की गलत है। नेहा का कहना है कि जेल में बंद सभी लोगों को छोड़ दिया जाए वरना यह आंदोलन जारी रहेगा।

    आज पटना आ रही हैं नेहा बोरा

    इस दौरान नेहा बोरा ने यह भी कहा कि 27 जुलाई सोमवार को वह पटना आ रही हैं। पटना में वह उन छात्रों से मुलाकात करेंगी, जिन्हें बेउर जेल में बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि, मैं उन प्रदर्शनकारियों से मिलूंगी जिनपर पुलिस ने लाठियां बरसाईं और उन्हें जेल में बंद कर दिया। इस दौरान उन्होंने अन्य लोगों से भी बेउर जले पहुंचने की अपील की है। नेहा बोरा के अलावा सीजेपी का भी इस मामले पर प्रतिक्रिया सामने आई है। सीजेपी ने कहा कि, जेल में बंद सभी छात्र प्रदर्शनकारियों को रिहा किया जाए, जैसा कि दिल्ली में समझौता हुआ था। छात्रों के साथ कुछ भी गलत नहीं हो।

    कौन हैं नेहा बोरा?

    आपको बता दें कि नेहा बोरा फिलहाल ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष हैं। वह उत्तराखंड की रहने वाली छात्र नेता हैं, जो लंबे समय से छात्र आंदोलनों व सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रही हैं। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान नेहा बोरा 23 दिनों तक भूख हड़ताल पर बैठी थी।

    ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार के 26 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, पटना में सताएगी उमस भरी गर्मी